कैब बुक करते समय ऐप पर दिख रहा किराया देखकर अगर आपको लगता है कि सफर का खर्च तय हो गया है तो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो आपको हैरान कर सकता है। डिजिटल क्रिएटर रीतू पटेल ने रैपिडो कैब के साथ अपना एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसमें ड्राइवर ने एयरपोर्ट जाने से पहले ही उनसे 200 रुपये ज्यादा मांग लिए। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह घटना
रीतू चंडीगढ़ से दिल्ली आई थीं और उन्हें आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पहुंचना था। इसके लिए उन्होंने रैपिडो से कैब बुक की। ऐप पर राइड का किराया 353 रुपये दिखाई दे रहा था। बुकिंग के बाद सब नॉर्मल था, लेकिन कैब उनके पास पहुंचने से ठीक पहले ड्राइवर का फोन आ गया। रीतू ने 59 सेकंड के वीडियो में बताया कि उस समय ड्राइवर उनकी लोकेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर था। फोन पर ड्राइवर ने उनसे सीधे 200 रुपये ज्यादा देने की मांग कर दी। रीतू ने जब पूछा कि यह ज्यादा पैसा किस बात का है तो ड्राइवर ने इसे एयरपोर्ट के डिपार्चर का चार्ज बताया।
'ये ऐप में नहीं दिखता, लेकिन लेते हैं'
रीतू के मुताबिक ड्राइवर ने कहा कि यह चार्ज ऐप में दिखाई नहीं देता, लेकिन वे हर यात्री से इसे लेते हैं। इस जवाब पर रीतू ने साफ कर दिया कि वह केवल वही किराया देंगी, जो ऐप पर दिखाया गया है। इसके बाद ड्राइवर भी अपनी बात पर अड़ गया। उसने कहा कि अगर 200 रुपये ज्यादा नहीं दिए गए तो वह राइड पर नहीं जाएगा। इतना ही नहीं, उसने रीतू से ही कैब कैंसिल करने को कह दिया। आखिरकार रीतू को मजबूरी में पहली राइड रद्द करनी पड़ी। हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ समय बाद रीतू ने दोबारा रैपिडो से दूसरी कैब बुक की। इस बार उन्होंने नए ड्राइवर से सीधे वही सवाल पूछ लिया कि क्या एयरपोर्ट के डिपार्चर के नाम पर कोई अलग चार्ज लिया जाता है?
दूसरे ड्राइवर ने बताई अलग बात
दूसरे ड्राइवर ने इस तरह के किसी अतिरिक्त चार्ज से साफ इनकार कर दिया। उसने रीतू से कहा कि ऐसा कोई चार्ज नहीं है और पहला ड्राइवर उन्हें बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहा था। साथ ही उसने राइड कैंसिल करने के उनके फैसले को सही बताया। इससे रीतू को राहत मिली कि वह अतिरिक्त पैसे देने से बच गईं। लेकिन उन्होंने यह चिंता भी जताई कि न जाने कितने यात्री रोजाना ऐसी बातों पर भरोसा करके बिना जांच किए 200 रुपये दे देते होंगे। रीतू ने अपना अनुभव इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए रैपिडो को भी टैग किया और कंपनी से इस मामले पर ध्यान देने की मांग की। वीडियो में उन्होंने कहा, “रैपिडो वाले, सुधर जाओ।” फिलहाल कंपनी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।