सोशल मीडिया पर रोजाना ऐसी वीडियोज हमारे फीड में आ ही जाती है, जिसे देखकर हम अपनी हंसी कंट्रोल नहीं कर पाते हैं और अपने दोस्तों के साथ उस रील या फिर वीडियो को शेयर जरूर करते हैं। हर किसी की जिंदगी में स्कूल का वक्त सबसे हसीन और खास होता है। यही वो समय होता है जब दोस्तों के साथ की गई मस्ती, शरारतें और कभी-कभी टीचर्स की डांट और सजा यादगार बन जाती हैं। खासतौर पर लड़कों को लंबे बाल या बढ़े नाखून रखने पर टीचर्स की डांट मिलना आम बात रही है। अक्सर उन्हें चेतावनी दी जाती थी कि अगर बाल नहीं कटवाए तो चोटी बना दी जाएगी। ये बातें ज्यादातर हंसी-मजाक तक ही सीमित रहती थीं, लेकिन इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें ये चेतावनी हकीकत में बदल गई है। तो आज की इस खबर में भी हम आपको इसी वायरल वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई छात्र एक मैट पर बैठे हैं। शुरुआत में सब नॉर्मल लगता है, लेकिन जब कैमरा छात्रों के सिर की ओर जाता है तो सच्चाई सामने आती है। सभी छात्रों के बाल लंबे हैं और स्कूल ने एक अलग ही अंदाज में अनुशासन सिखाने का तरीका अपनाया है। इन बच्चों के बालों को रबर बैंड से बांधकर छोटी-छोटी चोटियां बना दी गई हैं। किसी छात्र की एक चोटी है, किसी की तीन या चार और कुछ के सिर पर इससे भी ज्यादा चोटियां देखी जा सकती हैं।
लड़कों की बना दी चोटियां
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @hariom5sharma नामक यूजर द्वारा साझा किया गया है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, "कल अगर लंबे बाल लेकर स्कूल आए तो चोटी बना दूंगी, सच हो गया।" जब तक यह खबर लिखी जा रही थी, तब तक इस वीडियो को 90 हजार से अधिक बार देखा जा चुका था।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिया ऐसा रिएक्शन
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। एक व्यक्ति ने कमेंट किया, "मेरे तो सीधे काट ही दिए थे।" एक दूसरे यूजर ने लिखा, "शर्म आ रही होगी उन्हें।" किसी ने सहानुभूति जताते हुए कहा, "बेचारों के साथ ये क्या हो गया।" वहीं एक यूजर ने नाराजगी जताई, "बहुत गलत किया इन बच्चों के साथ।" यह वीडियो भले ही मजाकिया लगे, लेकिन इसने स्कूलों में अनुशासन और बच्चों के आत्मसम्मान के बीच संतुलन को लेकर चर्चा छेड़ दी है। सवाल यह भी उठता है कि क्या ऐसे तरीके बच्चों पर सकारात्मक असर डालते हैं या उन्हें अपमानित महसूस करवाते हैं?