गुड़गांव जैसे बड़े शहरों में तीन लोगों का एक ही बाइक पर सवारी करना यानी ट्रिपलिंग करना आम बात हो गई है। ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान काटा जाना नॉर्मल है। लेकिन कभी-कभी यह कार्रवाई बहस और विवाद का रूप भी ले लेती है, खासकर जब भाषा का संयम टूट जाए। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में ऐसा ही एक वाकया सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक, जो खुद को सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बताता है, ट्रिपलिंग करते हुए पकड़ा जाता है। ट्रैफिक पुलिस उसे रोकती है और नियम तोड़ने के चलते चालान करती है। इसी दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बोले गए एक शब्द को लेकर युवक भड़क उठता है और पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड करने लगता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वह पुलिसकर्मी से सीधा सवाल करता है, "'बक...' गाली नहीं है?" इस पर जवाब मिलता है कि "नहीं, यह गाली नहीं है।" लेकिन युवक इस जवाब से संतुष्ट नहीं होता और कहता है, "ठीक है, चालान दे दूंगा, लेकिन गाली नहीं सुनूंगा।" पुलिसकर्मी युवक को याद दिलाता है कि उसने तीन लोगों के साथ बाइक चलाई है, जो नियम के खिलाफ है। इस पर युवक मानता है कि हां, वह तीन लोग थे, लेकिन फिर सवाल करता है, "आपने गाली क्यों दी?"
गाली देने पर भड़का युवक
विवाद बढ़ते-बढ़ते इस स्तर तक पहुंचता है कि युवक कहता है, "चालान भेज दो, मैं ऑनलाइन भर दूंगा।" इसके साथ ही वह ये भी कहता है कि सड़क पर और भी लोग बिना हेलमेट के घूम रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर पुलिसकर्मी जवाब देता है, "आपसे पहले चार लोगों का चालान हो चुका है।" इस पूरे घटनाक्रम को @gharkekalesh नामक एक यूजर ने X पर पोस्ट किया है। वीडियो को कैप्शन दिया गया, “पुलिस और शख्स के बीच चालान और गाली देने को लेकर क्लेश”।
लोगों ने वीडियो पर दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो को अब तक 50 हजार से ज्यादा बार देखा गया है और 1,500 से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। साथ ही पोस्ट पर 25 से अधिक कमेंट्स भी आ चुके हैं। लोगों की प्रतिक्रियाएं इस मामले में मिली-जुली रही हैं। एक यूजर ने लिखा, "अब कोई पुलिस की इज्जत नहीं करता, सब खुद को बहुत जागरूक समझते हैं।" वहीं एक और व्यक्ति ने कमेंट किया, "भाई तो इस बात को लेकर सीरियस ही हो गया।" ज्यादातर लोगों का मानना है कि चालान काटना ट्रैफिक पुलिस का हक है और उन्होंने अपना काम किया। लेकिन पुलिसकर्मी की भाषा को लेकर कई यूजर्स ने नाराजगी भी जाहिर की है।