एक छोटी बच्ची का सड़क किनारे रोता हुआ वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यह वीडियो कोटा शहर में शूट किया गया है और इसे इंस्टाग्राम यूजर @ride_with_shikhar ने अपने अकाउंट पर साझा किया है। अब तक इसे 42 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में दिखाई देता है कि एक नन्ही बच्ची सड़क के डिवाइडर पर बैठकर बुरी तरह रो रही है। इससे कुछ ही देर पहले एक ऑटो रिक्शा वहां से गुजरा था। वीडियो पोस्ट करने वाले शख्स शिखर ने बताया कि उन्होंने बच्ची को रोते हुए देखा तो तुरंत गाड़ी रोकी और उससे पूछा कि क्या किसी गाड़ी ने उसे टक्कर मारी है। मगर वह कुछ नहीं बोली और बस रोती रही। कैप्शन में जो बात सामने आई, उसने हर किसी को भावुक कर दिया। शिखर ने बताया कि एक ऑटो चालक ने उस बच्ची को इसलिए थप्पड़ मार दिया क्योंकि वह उसके ऑटो के पीछे दौड़ रही थी और उसमें बैठे यात्री को गुलाब बेचने की कोशिश कर रही थी।
ऑटो ड्राइवर ने बच्ची को मारा थप्पड़
इस सीन ने शिखर को अंदर तक हिला दिया। उन्होंने बच्ची को समझाने और चुप कराने की कोशिश की। उन्होंने उससे गुलाब खरीदने की बात कही, ताकि उसे कुछ मदद दी जा सके। लेकिन बच्ची ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और लगातार रोती रही। वह इतने डर और सदमे में थी कि कुछ कहने की हालत में भी नहीं थी। शिखर ने लिखा, "उस पल मुझे समझ नहीं आया कि मैं कैसे उसकी मदद करूं। मैंने उसे सहारा दिया, उसके सिर पर हाथ रखा और कहा कि उसे ऐसे गाड़ियों के पीछे नहीं दौड़ना चाहिए।" उन्होंने आगे लिखा, "वो इसलिए नहीं रो रही थी क्योंकि किसी ने उससे गुलाब नहीं खरीदा, बल्कि इसलिए क्योंकि दुनिया ने उसकी मासूम उम्मीदों को तोड़ दिया था।"
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
वीडियो पर यूज़र्स की भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने बच्ची की हालत को बेहद दुखद बताया और ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एक यूजर ने लिखा, "उसने पैसे तक नहीं लिए, इसका मतलब है कि वो किस हद तक टूट चुकी थी। गरीबी वाकई एक दर्दनाक सच है।" एक और ने कमेंट किया, "एक ऑटोवाले को किसी बच्ची को मारने का कोई हक नहीं। शारीरिक हिंसा किसी भी सूरत में जायज नहीं हो सकती।" कुछ यूजर्स ने सोशल संगठनों से अपील की कि वे इस बच्ची की मदद के लिए आगे आएं। एक व्यक्ति ने लिखा, "एक मासूम बच्ची को सड़कों पर बेचने के लिए मजबूर करना मानवता के खिलाफ है। जो लोग इसके पीछे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है।"