भतीज के बात सुनकर फूट-फूटकर रो पड़ी दुल्हन
- फोटो : इंस्टाग्राम @radhika.gupta108
शादी का दिन हर किसी के जीवन में खास होता है, लेकिन इसके साथ ही कई भावनात्मक पल भी जुड़े होते हैं। खासकर लड़की के परिवार के लिए यह दिन दोहरी भावनाओं से भरा होता है। एक तरफ बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत की खुशी होती है तो दूसरी ओर उसकी विदाई का गम भी दिल को छू जाता है। आमतौर पर हम मां-बाप को बेटी की विदाई पर भावुक होते देखते हैं, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक भतीजे की भावनाएं सबका दिल जीत रही हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि दूल्हा और दुल्हन फेरे ले रहे होते हैं, उसी दौरान दुल्हन का छोटा भतीजा उसके पास आता है और बेहद मासूमियत के साथ अपनी बात कहता है। वह कहता है, “बुआ, आप मुझे छोड़कर फूफाजी के साथ जा रही हो। लेकिन जब भी मेरी याद आए तो मुझे फोन कर देना। मैं साइकिल लेकर आपको लेने आ जाऊंगा।” बच्चे की इस भोली बात पर शादी में मौजूद सभी मेहमान हंस पड़ते हैं, लेकिन साथ ही इस भावुक पल ने सभी की आंखों को नम भी कर दिया।
भतीज की बात सुनकर रो पड़ी दुल्हन
दुल्हन अपने भतीजे की बात सुनकर खुद को संभाल नहीं पाती और उसे गले लगाकर रो पड़ती है। यह पल वहां मौजूद हर किसी को छू जाता है और शादी का यह लम्हा सभी के दिल में बस जाता है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर radhika.gupta108 नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। अब तक इस क्लिप को 4.7 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 3 लाख 33 हजार से अधिक यूज़र्स ने इसे लाइक किया है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “मेरा भतीजा हमेशा मेरा पहला बच्चा रहेगा।”
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
वीडियो को देखने के बाद लोग भी अपने-अपने भाव जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “बुआ और भतीजे का रिश्ता वाकई बहुत खास होता है।” किसी और ने कहा, “इस वीडियो को देखकर मैं इमोशनल हो गया।” एक अन्य कमेंट में लिखा गया, “बुआ और भतीजे के बीच का रिश्ता बिल्कुल मां-बेटे जैसा होता है।” सोशल मीडिया पर लोगों का मानना है कि इस वायरल वीडियो ने साबित कर दिया कि रिश्तों की गहराई उम्र की नहीं भावना की मोहताज होती है। एक मासूम भतीजे का अपनी बुआ के लिए यूं भावुक होना, हर किसी के दिल को छू गया।