इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नन्हे बच्चे का वीडियो तहलका मचा रहा है। इस क्लिप में बच्चा अपनी स्कूल टीचर को जिस अंदाज में जवाब देता है। वो देख हर कोई हैरान रह गया है। कुछ लोग इसे मजाकिया बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे गंभीरता से लेते हुए परवरिश पर सवाल खड़े कर रहे हैं। करीब 27 सेकंड की यह वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना की शुरुआत तब हुई जब बच्चे ने स्कूल का होमवर्क नहीं किया। इस पर टीचर ने उसे डांटा। आमतौर पर बच्चे ऐसे में घबरा जाते हैं या रोने लगते हैं, लेकिन यह बच्चा बिल्कुल अलग निकला। उसने टीचर को जवाब देते हुए कहा कि उसके पापा पुलिस में हैं और अगर उसे ज्यादा तंग किया गया, तो पापा गोली मार देंगे। इस तरह उस छोटे से बच्चे ने अपनी मैडम को धमकी दे दी। वीडियो में बच्चा आगे कहता है कि उसे पता है कि पापा की बंदूक कहां रखी है। जब टीचर ने उससे पूछा कि वह गोली किसे मारेगा, तो उसने मासूमियत से जवाब दिया, "आपको।" टीचर ने फिर सवाल किया कि क्या वह सच में ऐसा करेगा? इस पर बच्चे ने सिर हिलाकर हामी भर दी।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह वीडियो नया नहीं है, लेकिन हाल ही में इसे X पर एक यूजर @jpsin1 ने फिर से साझा किया है, जिसके बाद यह एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “अब चचा विधायक हैं का दौर गया, अब तो बच्चे सीधे कह देते हैं, पापा पुलिस में हैं।” जहां कुछ लोग बच्चे के इस बोलने के अंदाज को मनोरंजन के तौर पर देख रहे हैं और उसे ‘लिटिल डॉन’ कहकर मजाक बना रहे हैं, वहीं कई लोगों को यह बात हजम नहीं हो रही है। कई नेटिजंस ने इस व्यवहार को चिंता का विषय बताया है। एक यूजर ने कहा, “ये कोई हंसी की बात नहीं है, सोचिए अगर यही रवैया भविष्य में बढ़ा तो क्या होगा।” एक और यूजर ने लिखा, “इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बच्चे को घर में क्या माहौल मिल रहा है।” कुल मिलाकर यह छोटा-सा वीडियो क्लिप जहां हंसी का कारण बन रहा है, वहीं इससे पेरेंटिंग और बच्चों के मनोविज्ञान पर बहस भी छिड़ गई है।