सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे कई वीडियोज वायरल होते रहते हैं, जिसे देख हम काफी हैरान हो जाते हैं और सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर लोग अपनी जान की परवाह किए बगैर ऐसा कैसे कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक रेलवे ट्रैक के किनारे रील बनाते हुए दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह लड़का ट्रैक के पास खड़ा होकर कैमरे के सामने पोज दे रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरती है। ट्रेन के दरवाजे पर बैठा एक यात्री युवक को अचानक पैर से लात मार देता है। लात लगते ही युवक का संतुलन बिगड़ जाता है और वह नीचे गिर पड़ता है। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो जाती है और अब इंटरनेट पर खूब शेयर की जा रही है। आइए जानते हैं कि वीडियो में और क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट @la_ddu2028 से पोस्ट किया गया है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लड़के ने बहुत गैर-जिम्मेदाराना हरकत की है क्योंकि रेलवे ट्रैक पर खड़ा होकर वीडियो बनाना जानलेवा हो सकता है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यात्री को इस तरह हिंसक व्यवहार नहीं करना चाहिए था। उसे शांति से समझाना चाहिए था, न कि लात मारनी चाहिए थी।
रेलवे ने पहले भी दी है चेतावनी
भारतीय रेलवे कई बार इस बात की चेतावनी दे चुका है कि रेलवे ट्रैक या प्लेटफॉर्म के पास इस तरह की वीडियो बनाना न केवल अवैध है, बल्कि यह बहुत खतरनाक भी है। इससे न केवल वीडियो बनाने वाले की जान को खतरा होता है, बल्कि आसपास मौजूद यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
लोगों को लेनी चाहिए सीख
यह घटना सोशल मीडिया पर फेमस होने की होड़ को सामने लाती है। आजकल कई युवा सिर्फ कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। वीडियो देखकर कई लोगों ने कहा कि यह उस युवक के लिए एक सबक होना चाहिए और दूसरे लोगों को भी इससे सीख लेनी चाहिए। सोशल मीडिया पर यूजर्स का मानना है कि इस तरह की घटनाएं यह दिखाती हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत किस हद तक लोगों को लापरवाह बना रही है। जरूरी है कि युवा समझदारी से काम लें और अपनी जान की कीमत समझें।