मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरत में डाल दिया है। मामला तब सामने आया जब एक युवक अपनी पत्नी के मायके चले जाने के बाद, गुस्से और नशे में रेलवे स्टेशन पहुंच गया और वहां अपनी कार प्लेटफार्म पर दौड़ाने लगा। यह घटना बुधवार देर रात करीब 3 बजे की है। उस समय नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी और यात्री चढ़-उतर रहे थे। तभी अचानक एक कार प्लेटफॉर्म पर चढ़ आई और तेज रफ्तार में वहां दौड़ने लगी। यह देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री डर के मारे इधर-उधर भागने लगे और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा शख्स
रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तुरंत हरकत में आते हुए कार को रोका और चालक को बाहर निकाला। युवक पूरी तरह शराब के नशे में था और ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। जब उससे इस हरकत का कारण पूछा गया तो उसने जो जवाब दिया, उससे सुरक्षाकर्मी भी चौंक गए। युवक ने कहा कि वह ट्रेन से रेस लगाने आया था।
पुलिस ने लिया एक्शन
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान नितिन राठौड़ के रूप में हुई है, जो आदित्यपुरम इलाके का रहने वाला है। नितिन को शराब पीने की बुरी आदत है और उसकी पत्नी कई बार उसे नशा छोड़ने के लिए कह चुकी थी। मगर बुधवार को भी वह शराब पीकर घर लौटा, जिससे उसकी पत्नी नाराज हो गई और मायके चली गई।
ट्रेन से रेस लगा रहा था लड़का
पत्नी के जाने के बाद नितिन और ज्यादा नाराज हो गया। उसने दोबारा शराब पी और नशे में धुत होकर आधी रात को अपनी कार लेकर घर से निकल पड़ा। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर इस समय काम चल रहा है, जिसके चलते प्लेटफॉर्म नंबर एक तक भारी मशीनें लाने-ले जाने के लिए झांसी की दिशा से एक ऑप्शन बनाया गया है। नितिन ने उसी रास्ते का फायदा उठाया और सीधे प्लेटफॉर्म तक जा पहुंचा। घटना के समय आरपीएफ के जवान मौके पर मौजूद थे। उन्होंने तेजी दिखाते हुए नितिन को तुरंत रोका और कार को जब्त कर लिया। पूछताछ में उसने जो वजह बताई ट्रेन से रेस लगाना वह न केवल कॉमेडी थी बल्कि गंभीर चिंता का विषय भी बनी।
रेलवे की सुरक्षा पर उठे कई सवाल
फिलहाल नितिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सौभाग्य से इस पूरे घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना एक चेतावनी है कि अपना गुस्सा और नशे की लत किस हद तक खतरनाक हो सकती है।