कोई भी हादसा बताकर नहीं आता। सड़क पर चलते हुए कब कोई दुर्घटना हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे वक्त में घायल व्यक्ति को सबसे ज्यादा जरूरत मदद की होती है। लेकिन अक्सर सड़क हादसों के बाद लोगों की भीड़ तो जमा हो जाती है, मगर मदद के लिए बहुत कम लोग आगे आते हैं। कोलकाता में एक महिला के साथ हुए सड़क हादसे के बाद भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। यहां करीब 25 लोग मौके पर जमा हुए, लेकिन मदद के लिए सिर्फ पांच लोग आगे आए। इन पांच अजनबियों ने महिला के लिए जो किया, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
रैपिडो राइड के दौरान हुआ हादसा
दरअसल कोलकाता की रहने वाली बिंदिया गुप्ता रैपिडो बाइक से सफर कर रही थीं। इसी दौरान पार्क स्ट्रीट के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद बिंदिया घायल हो गईं और कुछ समय के लिए अपने होश में भी नहीं थीं। मौके पर करीब 25 लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग हादसे के बारे में जानने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनमें से केवल पांच लोगों ने उनकी मदद करने का फैसला किया।
किसी ने उठाया जूता तो किसी ने संभाला फोन
इन पांच अजनबियों ने उस मुश्किल वक्त में बिंदिया का साथ दिया। किसी ने उनका जूता उठाया, तो किसी ने उनका फोन संभाला। एक महिला उनके लिए ड्रेसिंग का सामान लेकर आईं। इतना ही नहीं, एक आंटी ने खुद बिंदिया की चोट पर बैंडेज बांधी और उनकी मरहम-पट्टी की। जब बिंदिया को मदद की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब इन अनजान लोगों ने उन्हें अकेला नहीं छोड़ा।
अजनबियों की मदद कभी नहीं भूलेंगी बिंदिया
बिंदिया ने ड्रेसिंग करती महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सभी मददगारों का शुक्रिया अदा किया। उनका कहना है कि उन्हें इन लोगों के नाम तक नहीं पता, लेकिन वे जिंदगी भर उनका यह एहसान और इंसानियत नहीं भूलेंगी। बिंदिया का मानना है कि जब आप दूसरों के साथ अच्छा करते हैं, तो आपके साथ भी अच्छा होता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
बिंदिया की यह पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो को सात लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 44 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में भी लोग इन पांचों अजनबियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि कोलकाता को यूं ही 'सिटी ऑफ जॉय' नहीं कहा जाता। वहीं, एक और यूजर ने मदद करने वाले लोगों की तुलना माता-पिता से करते हुए कहा कि ये लोग दूसरों के बच्चों के लिए भी वैसा ही महसूस करते हैं, जैसा अपने बच्चों के लिए करते हैं। बिंदिया ने एक कमेंट के जवाब में यह भी बताया कि हादसे में रैपिडो राइडर की गलती थी, क्योंकि उसकी बाइक पहले से खराब थी और वह उसे तेज व लापरवाही से चला रहा था। बता दें कि बिंदिया एक डिजिटल क्रिएटर हैं और कोलकाता में एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं।