छपरा जिले के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतलपुर–सिवान स्टेट हाईवे (एसएच-73) पर तितिरा जियो पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को दो ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों ऑटो चालक मौके से फरार हो गए।
आमने-सामने टक्कर में हुई भीषण दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, सोनहो बाजार से एक ऑटो में सवार होकर पांच लोग परसा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पानी लदे ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में मढ़ौरा थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय अरमान अली और भेल्दी थाना क्षेत्र के आरना गांव निवासी 20 वर्षीय मो. तकबीर वारिश की मौके पर ही मौत हो गई।
आधा दर्जन लोग घायल
घायलों में भेल्दी थाना क्षेत्र के जोगनी परसा गांव की कौशल्या देवी, पैगा गांव के नॉलेज कुमार वर्मा, मकेर थाना क्षेत्र के तारा अमनौर गांव के नौशाद आलम सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: भारत-नेपाल रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, जनकपुर-अयोध्या ट्रेन पर बनी सहमति; पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अस्पताल में एक और मौत की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही परसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अरमान अली को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक शव पहले ही घटनास्थल पर पड़ा था।
बेंगलुरु कमाने जा रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक अरमान अली, तकबीर वारिश और घायल नौशाद आलम बेंगलुरु-चेन्नई काम के लिए जा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवारों में कोहराम मच गया है।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि पेट्रोल पंप के पास स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने यहां जल्द से जल्द ब्रेकर लगाने की मांग की है। परिजनों ने भी गहरा दुख जताते हुए कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर होते तो युवाओं को इस तरह बाहर नहीं जाना पड़ता और यह हादसा नहीं होता।