बिहार के औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक पांच साल के मासूम बच्चे से अप्राकृतिक यौनाचार करने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की दोपहर की बताई जा रही है। मासूम बच्चे को दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सकों ने इलाज के बाद शनिवार को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित बच्चे के पिता ने बताया कि गांव का ही एक युवक ताड़ का फल खाने को कह बच्चे को नहर की झाड़ी तरफ लेकर गया। इसके बाद झाड़ी में उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने लगा। इसके बाद मासूम बच्चा चीखते चिल्लाते हुए अपने घर पहुंचा और इसकी सूचना परिजनों को दी। पीड़ित के पिता पूछताछ के लिए आरोपी के घर गए तो सभी लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
दाउदनगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष गिरींद्र सिंह ने बताया कि एक मासूम के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में उसी गांव के सिंकू कुमार नाम के युवक को आरोपी बनाया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।