Patna Crime News: पटना के छोटकी मसौढ़ी रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म पर उसका शव मिला। आशंका है कि लोहे की रॉड से हमला करने के बाद शव को रेल हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। मौके से बाइक, मोबाइल मिले हैं। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी हैं।
पटना से सटे मसौढ़ी में बुधवार को एक युवक का शव छोटकी मसौढ़ी रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की गई थी। हालांकि, वारदात की पूरी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के साथ हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे हॉल्ट के पास युवक का शव मिला था। शव को देखकर लग रहा था कि अपराधियों ने उसे बेहरमी से पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसका शव को प्लेटफॉर्म के पास फेंक दिया। घटनास्थल पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक पर हमला कहां हुआ और उसे प्लेटफॉर्म तक कैसे लाया गया। मौके से एक बाइक, मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। हालांकि, इन दस्तावेजों से मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बरामद सामान की जांच कर युवक की पहचान और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
बिहार: मसौढ़ी में रावण वध के बाद भगदड़, चार महिलाएं घायल, एंबुलेंस भी जाम में फंसी; जानिए क्यों हुआ ऐसा?
विज्ञापन
स्थानीय स्तर पर युवक के परिचितों से जुड़े होने और किसी विवाद के बाद घटना होने की आशंका जताई जा रही है। शव रेलवे प्लेटफॉर्म पर मिलने के कारण इसे हादसे का रूप देने की संभावना को लेकर भी चर्चा है। हालांकि, इन आशंकाओं की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि युवक की हत्या किन परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कौन जिम्मेदार है? पुलिस साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एफएसएल की मदद से जांच में जुटी मसौढ़ी पुलिस
घटना की सूचना पर मसौढ़ी थाना पुलिस, जीआरपी और नदौल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट से मौत की वजह और शरीर पर लगी चोटों की प्रकृति स्पष्ट होने की उम्मीद है। मसौढ़ी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या हुई है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच कर रही है।