सीतीमढ़ी: अपनी मांगों को लेकर बीच सड़क पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
Bihar News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के नानपुर प्रखंड के नानपुर दक्षिणी और उत्तरी पंचायत के लोगों ने रविवार को बिजली और पानी की समस्या को लेकर पुपरी–रून्नीसैदपुर मुख्य मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर करीब पांच घंटे तक जाम कर दिया। सुबह शुरू हुआ यह आंदोलन दोपहर बाद जाकर अधिकारियों के हस्तक्षेप से समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पंचायत में कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है। पानी की आपूर्ति भी बाधित है, जिससे ग्रामीणों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना था कि जब बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर जानकारी लेने की कोशिश की जाती है, तो वे फोन तक नहीं उठाते। मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
बीडीओ ने जेई को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया
सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, तब तक जाम जारी रहेगा। इसके बाद थानाध्यक्ष ने बीडीओ आबिद हुसैन, सीओ सुमित कुमार यादव और बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) गौरव कुमार को सूचना दी। बीडीओ ने जेई को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।
फिलहाल बिजली की पर्याप्त आपूर्ति हो रही- जेई
कुछ देर बाद सभी अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बातचीत में सहमति बनी कि सोमवार को प्रखंड कार्यालय में बिजली विभाग और पीएचडी विभाग के अधिकारी बैठक में शामिल होंगे। प्रदर्शनकारियों की ओर से पांच सदस्यीय टीम भी बैठक में पहुंचेगी, जहां समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। बिजली विभाग के जेई गौरव कुमार ने बताया कि शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण चार से पांच घंटे बिजली बाधित रही थी, जिसे अब दुरुस्त कर लिया गया है और फिलहाल पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। बीडीओ आबिद हुसैन ने कहा कि समस्या समाधान के लिए सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी।