पश्चिम चम्पारण जिले के नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केहुनिया गांव में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने एक प्रेमी युगल को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद गांव के मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एक साल से चल रहा था दोनों के बीच प्रेम संबंध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केहुनिया गांव निवासी एक युवती और पड़ोसी गांव सिस्वा के रहने वाले आदित्य कुमार के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। शुक्रवार की रात दोनों मिलने पहुंचे थे, तभी ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर गांव के मंदिर परिसर में ले गए, जहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
मंदिर में ग्रामीणों ने कराई शादी
ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक आदित्य कुमार से उसकी प्रेमिका युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया और दोनों की शादी करा दी गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले आई।
युवती ने क्या बताया?
पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह और आदित्य दोनों बालिग हैं तथा एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। उसने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह अपने मायके में रह रही थी, जहां उसकी मुलाकात आदित्य से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, वैधता पर सवाल
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों के दबाव में कराई गई शादी की कानूनी वैधता सहित अन्य बिंदुओं पर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:
तेज रफ्तार बाइक ने छीनी मजदूर की जिंदगी, नेत्रहीन पत्नी और मासूम बच्चे पर टूटा दुखों का पहाड़
इलाके में चर्चा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं और लोग सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।