पटना में बिहार विधानसभा के आगामी सत्र को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन सात मार्गों पर रहेगा यातायात का दबाव
यातायात एडवाइजरी के मुताबिक, विधानसभा सत्र के दौरान शहर के जिन प्रमुख रास्तों पर भीड़भाड़ और ट्रैफिक दबाव की आशंका है, उनमें हार्डिंग रोड, सचिवालय मार्ग, सप्तमूर्ति शहीद स्मारक, भिखारी ठाकुर आरओबी, आर-ब्लॉक का ऊपरी एवं निचला मार्ग, मेंगल्स रोड और वीरचंद पटेल पथ शामिल हैं। इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन वैकल्पिक रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम और असुविधा से बचने के लिए तीन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इनमें बेली रोड, अटल पथ और स्ट्रैंड रोड शामिल हैं। वाहन चालक अपनी मंजिल और उपलब्ध रास्तों के अनुसार इन मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।
सात मार्गों पर भारी व्यावसायिक वाहनों की नो-एंट्री
पटना यातायात पुलिस के अनुसार, विशेष यातायात व्यवस्था के तहत सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक सात प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के व्यावसायिक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें गर्दनीबाग, हार्डिंग रोड, सप्तमूर्ति (शहीद स्मारक) क्षेत्र, भिखारी ठाकुर आरओबी, मेंगल्स रोड, आर-ब्लॉक और वीरचंद पटेल पथ शामिल हैं।
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे विधानसभा सत्र के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।