मेधा के धनी बिहार में एक से बढ़ कर एक होनहार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। हाल ही में आए बिहार बोर्ड के नतीजों में भी कुछ ऐसे ही होनहारों की कहानियां निकलकर सामने आई हैं।
बिहार के बोर्ड स्कूलों की दसवीं की परीक्षा में एक स्कूल ने ऐसा कारनामा किया है कि हर कोई हैरान है। दसवीं कक्षा की टॉप टेन के 31 छात्रों की लिस्ट में स्कूल के कुल 30 छात्रों के नाम शामिल हैं।
अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार बिहार के जमुई जिले के सिमुलताला आवासीय विद्यालय के छात्रों ने यह कारनामा किया है। बीते शनिवार को घोषित परिणामों में स्कूल के 31 में से 30 छात्रों ने लगभग समान अंकों के साथ यह कारनामा किया। टॉप टेन की लिस्ट में स्कूल से बाहर केवल वैशाली जिले की सोनालिजा का ही नाम शामिल रहा।