पीड़ित दुकानदारों से मामले की जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मोतिहारी में पुलिस गश्ती को धता बता अज्ञात चोरों ने दो दुकानों में फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, घोड़ासहन थाना क्षेत्र के श्रीपुर रोड स्थित गैस गोदाम के पास दो दुकानों में चोरी की गई है। यहां चोर दुकान में रखे कैश और समान उठा ले गए। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हरिओम मेडिकल स्टोर में चोरों ने दुकान की एस्बेस्टस छत को तोड़ कर दुकान में रखे 1.90 लाख रुपये की नकदी और 20 हजार रुपये की दवा समेत 2.10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। वहीं, चोरों ने मेडिकल स्टोर के पास ही न्यू फर्नीचर हाउस में भी हाथ साफ किया। यहां फर्नीचर की दुकान का बांस का गेट तोड़ कर कैश काउंटर में रखे 78 हजार रुपये नकदी और करीब 20 हजार रुपये का पुराना मोबाइल, पंखा और बैट्री समेत करीब एक लाख की संपत्ति चोरी की गई।
सूचना मिलने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अजित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने घटना की जांच करते हुए पीड़ित दुकानदारों से जानकारी ली। पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और डकैती की घटना से आसपास की दुकानों के मालिकों में गुस्सा है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में डकैती की बढ़ रही घटना से वे दहशत में है। इसकी रोकथाम के लिए पुलिस की बाइकर्स टीम और गश्ती दल क्षेत्र में लगातार पहरा दे रहे हैं। फिर भी चोरों ने एक साथ दो दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस को चुनौती दे डाली है।