बिहार के खगड़िया जिले में एक बाग से आम तोड़ने पर बाग के रखवाले ने 10 साल के एक लड़के की गोली मार कर हत्या कर दी।
गोगरिया के थाना प्रभारी (एसएचओ) दीपक कुमार यादव ने फोन पर एक न्यूज एजेंसी को बताया कि गोगरिया थानाक्षेत्र के शेरगढ़ गांव का रहने वाला 10 साल का सत्यम कल बाग गया था और आम तोड़ रहा था। बाग के रखवाले रमा यादव ने उसे देख लिया। उसने फल नहीं तोड़ने और जाने को कहा।
दीपक ने बताया कि जब लड़के ने रमा की बात पर ध्यान नहीं दिया तो यादव गुस्से में आ गया। उसने अपनी बंदूक से गोली चला दी जो लड़के के सिर में लगी।
उन्होंने बताया कि यादव मौके से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुन कर ग्रामीण वहां पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया। एसएचओ ने बताया कि घटनास्थल तक हमारे पहुंचने तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण बहुत क्रोधित थे। आरोपी को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। दीपक ने बताया कि यादव की तलाश में दबिश दी जा रही है।