बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए सोमवार को प्रचार का शोर थम गया। पटना, सारण, वैशाली, नालंदा समेत कुल 6 जिलों की 50 सीटों पर 28 अक्तूबर को मतदान होगा।
तीसरे चरण की 10 सीटों पर शाम 4 बजे और बाकी सीटों पर सोमवार को शाम पांच बजे प्रचार का शोर बंद हो गया। इस चरण में एक करोड़ 45 लाख से अधिक मतदाता 71 महिलाओं समेत कुल 808 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 75 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मिंयों को तैनात किया गया है। वहीं, दूसरे चरण के दो बूथों पर फिर से वोट डाले जाएंगे।
तीसरे चरण में पटना जिले की 14, नालंदा की 7, भोजपुर की 7, बक्सर की 4, सारण की 10 और वैशाली की 8 सीटों पर चुनाव होना है। इस चरण में खास सीटों में मोकामा की सीट भी है, जहां बाहुबलियों के बीच मुकाबला है।
पिछली बार जदयू के टिकट पर जीते अनंत सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। अनंत सिंह का मुकाबला सूरजभान सिंह के भाई कन्हैया से हैं, जबकि जदयू ने नीरज कुमार को यहां से मौका दिया है।
लालू के दोनों बेटों के भाग्य पर फैसला इसी चरण में होगा। महुआ सीट से लालू प्रसाद के बेटे तेजप्रताप की किस्मत दांव पर है। यह सीट लालू के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। इसी प्रकार राघोपुर सीट से लालू के दूसरे पुत्र तेजस्वी मैदान में उतरे हैं।