दुर्घटना के बाद शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मृतक ट्रैक्टर चालक बैद्यनाथ मंडल के पुत्र दीपक कुमार मंडल उर्फ पकोड़ी मंडल ने एक लिखित आवेदन ओपी थाना नरहिया को दिया है। आवेदन के मुताबिक, मृतक मेरे पिता वैधनाथ मंडल बेलही की चौक से पूर्व सेंट्रल बैंक के पास राहुल ट्रेडर्स संजय साह के यहां काम करते थे। वह शनिवार शाम को साढ़े सात बजे सीमेंट-बालू लोड कर मालिक संजय साह के घर मधुबनी जिले के परसाही गांव गए थे। वहां से सीमेंट-बालू उतार कर साढ़े बारह बजे रात में अपने घर बेलही वापस आ रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 57 पर मधुबन होटल और भुतहा गांव के बीच ट्रैक्टर अपने आप बंद हो गया। फिर ट्रैक्टर खराब होने की सूचना राहुल ट्रेडर्स के मालिक संजय साह को दी गई।
आवेदन के मुताबिक, संजय साह रविवार को अहले सुबह मिस्त्री भोला कुमार को साथ में लेकर खराब पड़े ट्रैक्टर के पास पहुंचे। फिर मिस्त्री ट्रैक्टर को ठीक करने लगे। इसी दौरान पश्चिम दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ठीक कर रहे मिस्त्री, चालक और ट्रैक्टर मालिक सड़क पर गिर गए। फिर ट्रक उन तीनों व्यक्तियों को रौंदते हुए निकल गया।
ओपी पुलिस और ग्रामीण ने बाद में उक्त ट्रक की खोजबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि भुतहा गांव के आसपास सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन ट्रक चालक भागने में सफल रहा। मृतक के पुत्र ने उक्त ट्रक मालिक पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।