बिहार के नालंदा ज़िले के मीरपुर गांव में स्कूल के निदेशक को पीट-पीट कर मारने की घटना में इलाके के थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। नालंदा के पुलिस अधीक्षक डॉ सिद्धार्थ ने यह जानकारी दी। हालांकि अभी तक निदेशक की पीट पीटकर हत्या करने के आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
दरअसल मीरपुर गाँव के ही महेश प्रसाद ने बताया कि सुबह करीब सात-आठ बजे देवेन्द्र प्रसाद सिन्हा पब्लिक स्कूल के दो छात्रों के हॉस्टल से गायब होने की ख़बर मिली।
खोजबीन पर स्कूल के बगल की नहर से दोनों के शव बरामद किए गए. दोनों के मुंह और कान से खून निकल रहा था। भीड़ ने इल्ज़ाम स्कूल के निदेशक पर लगाया। इसके बाद करीब हज़ार-डेढ़ हज़ार की संख्या में गुस्से में बेकाबू भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने स्कूल के निदेशक को बेरहमी से पीटा।