नेताओं पर जूते-चप्पल फेंकने का ट्रेंड नया नहीं है मगर बिहार चुनाव में इसकी शुरुआत मंगलवार को राजद नेता तेजस्वी यादव के औरंगाबाद में आयोजित कार्यक्रम में हुई। बता दें कि कोरोना वायरस संकट के बीच हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय शेष है और चुनावी सभाओं व प्रचार का दौर बदस्तूर जारी है। नेताओं की रैलियों में उनके समर्थक बड़ी संख्या में जुट रहे हैं।
औरंगाबाद के बभंडी में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेश राम के प्रचार कार्यक्रम में तेजस्वी यादव शामिल हुए थे। कार्यक्रम में सब ठीक चल रहा था कि एक दिव्यांग युवक ने मंच पर बैठे तेजस्वी पर चप्पल फेंक दी। जब चप्पल तेजस्वी को छुए बिना उनसे पास से निकल गई तो युवर के एक और चप्पल फेंकी जो तेजस्वी को लगी। मंच पर बैठे नेता और कार्यक्रम में जुटी भीड़ इस घटना पर अवाक रह गए।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उस दिव्यांग युवक को शांत कराया। इसके बाद तेजस्वी यादव ने अपना भाषण शुरू किया। हालांकि, तेजस्वी ने इस चप्पल मामले को खास तवज्जो नहीं दी और अपना भाषण पूरा कर वहां से चले गए। बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेश राम औरंगाबाद की कुटुंबा विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। पिछली बार भी वह कांग्रेस के टिकट पर जीते थे।