फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस पर हमला: सड़क हादसे में छह साल के बच्चे की मौत, आरोपी कार चालक को छुड़ाने पर भड़के लोग

Sat, 28 Nov 2026 03:07 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अररिया

सार

अररिया के भैरोगंज में तेज रफ्तार कार की टक्कर से छह वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर चालक को बंधक बना लिया। उसे छुड़ाने पहुंची पुलिस से झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस वाहन में आग लगा दी गई।

विज्ञापन
घटनास्थल पर जुटी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद स्थिति बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से छह वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड जाम कर दिया और कार चालक को पकड़कर बंधक बना लिया। चालक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बेला पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी मो. रोजीत का छह वर्षीय पुत्र मो. अली इंडो-नेपाल सीमा सड़क के समीप था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक रामकुमार मेहता को पकड़ लिया। चालक सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के कोशकापुर का निवासी बताया गया है।

सूचना मिलने पर बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसबी के जवान भी घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों का विरोध करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की गई है।

इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन में आग लगा दी। घटनास्थल पर मौजूद दो बाइक को भी आग के हवाले किए जाने की सूचना है। घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज कराया जा रहा है। पुलिस वाहन में लगी आग पर अग्निशमन दल की मदद से काबू पाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, अररिया एसडीपीओ, अंचल अधिकारी समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू की। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एक तरफ मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ सड़क हादसे के बाद हुई हिंसक घटना ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस के अनुसार, आवेदन के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। देर रात तक पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति नियंत्रित करने में जुटे रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें