शरद यादव जदयू अध्यक्ष के रूप में अपनी तीसरी पारी शुरू करने को तैयार हैं।
पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव आगामी 14 अप्रैल को होना है। वह एकमात्र नेता हैं, जिन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरा है।
मंगलवार नामांकन भरने की अंतिम तिथि थी। जबकि नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख 13 अप्रैल है। यादव जदयू के दो बार अध्यक्ष रहे हैं। वह पहली बार 2009 में अध्यक्ष बने थे।
उनसे पहले जार्ज फर्नांडीज पार्टी के अध्यक्ष थे। 2011 में यादव दूसरी बार चुने गये। हालांकि पार्टी संविधान किसी व्यक्ति को लगातार केवल दो बार अध्यक्ष पद पर बने रहने की अनुमति देता है।
मगर सूत्रों का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष को संविधान संशोधन का अधिकार है और आवश्यक संशोधन 5 अप्रैल को कर दिया गया है ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि यादव तीसरी बार अध्यक्ष बन सकें।
एनडीए के संयोजक शरद यादव ऐसे समय में तीसरी बार जदयू अध्यक्ष बनने जा रहे हैं, जब इस बात को लेकर चर्चा है कि भाजपा में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के बढ़ते वर्चस्व के चलते पार्टी उनके गठबंधन में रहेगी भी या नहीं।
जदयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 13 और 14 अप्रैल को दिल्ली में होगी। इसी बैठक में ही अध्यक्ष पद पर फैसला लिया जाएगा।