दलितों पर बिहार सहित देशभर में हुए उत्पीड़न के खिलाफ बक्सर के नंदन गांव में लगाई गई महापंचायत में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे जदयू के बागी नेता शरद यादव ने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। शरद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उनके विकास मॉडल को दलित विरोधी कहा।
उन्होंने कहा कि ईमान बेचकर नीतीश कुमार की सरकार चल रही है। जनता ने महागठबंधन को सरकार चलाने का जनादेश दिया था, लेकिन नीतीश कुमार ने जनादेश के साथ छल किया।
शरद ने कहा कि बिहार में शराबबंदी फ्लॉप है, बालूबंदी से गरीब मजदूर भुखमरी के कगार पर है और सात निश्चय योजना धरातल पर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि नंदन के महादलितों ने आखिर सरकार से क्या मांग लिया कि प्रशासन ने उन पर इतने जुल्म किए। इससे साबित होता है कि नीतीश कुमार का विकास मॉडल दलित विरोधी है।
उन्होंने कहा कि गांव के जिस मुखिया के यहां से शराब पकड़ी गई, वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में महिमामंडित किए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि नंदन गांव वही जगह है जहां पिछले दिनों नीतीश कुमार के काफिले पर हमला किया गया था।