फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: बारात जा रही स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, खिड़की तोड़ कूदे बाराती, बाल-बाल बची जान

Tue, 21 Apr 2026 10:44 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा

सार

Bihar: नालंदा के झिंगनगर में बारात जा रही स्कॉर्पियो अचानक आग की चपेट में आ गई। सूझबूझ दिखाते हुए बारातियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, हालांकि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
विज्ञापन
आग का गोला बनी कार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंगनगर मोहल्ले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती स्कॉर्पियो अचानक धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार बारातियों ने समय रहते खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगा दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।

बारात के दौरान अचानक धुआं, आग की लपटों में घिरी गाड़ी

विज्ञापन

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी चंदन कुमार की बारात देर रात झिंगनगर स्थित एक मैरिज हॉल के लिए निकली थी। स्कॉर्पियो बारातियों से भरी हुई थी और जश्न का माहौल था। इसी बीच झिंगनगर के पास अचानक गाड़ी के बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। जब तक चालक और सवार लोग कुछ समझ पाते, देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। गाड़ी का दरवाजा लॉक हो जाने की स्थिति में बारातियों ने सूझबूझ दिखाई और खिड़कियों को तोड़कर बाहर निकले।

दमकल पहुंचने से पहले ही जलकर राख हुई स्कॉर्पियो
स्थानीय लोगों और पीड़ित पक्ष ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। हालांकि, जब तक अग्निशमन दल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर लोहे के कंकाल में तब्दील हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी का सारा कीमती सामान और वाहन पूरी तरह खाक हो चुका था।

आग लगने के कारणों पर अलग-अलग कयास

विज्ञापन

घटना के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। कुछ लोगों का कहना है कि गाड़ी हैंड ब्रेक लगे होने की स्थिति में ही चलाई जा रही थी, जिससे घर्षण के कारण आग लग गई। वहीं, कुछ लोग इसे शॉर्ट सर्किट का मामला भी बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें: दर्जनभर डकैतों ने ज्वेलरी व्यवसायी के घर डाली डकैती, बम चलाकर फैलाया दहशत, 2 घंटे देर से पहुंची पुलिस

जांच में जुटी पुलिस, फायर विभाग का बयान
बिहार शरीफ के अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को रवाना किया गया था, पर वाहन को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। बिहार थाना के सम्राट दीपक ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आवेदन प्राप्त होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें