फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: महावीरी अखाड़ा जुलूस में खूनी खेल, युवक के सिर में मारी गोली; मौके पर हुई मौत

Fri, 28 Aug 2026 11:03 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

गोपालगंज शहर में शुक्रवार तड़के महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान पुरानी चौक के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पुरानी चौक निवासी शिव जी प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन
अस्पताल में उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के गोपालगंज शहर में शुक्रवार तड़के महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पुरानी चौक के समीप अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान पुरानी चौक निवासी शिव जी प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।

विज्ञापन


जुलूस के दौरान विवाद के बाद युवक को मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर अचानक विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान कुछ अपराधियों ने विकास कुमार को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग और परिजन आनन-फानन में विकास को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल में जुटी भारी भीड़, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ परिसर

युवक की हत्या की खबर जैसे ही इलाके में फैली, सदर अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
विज्ञापन


पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम तत्काल सदर अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर विधायक सुभाष सिंह और सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह भी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद पुरानी चौक समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और महावीरी अखाड़ा जुलूस में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें