छपरा-सिवान रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
- फोटो : Amar Ujala
सारण जिले के छपरा-सीवान रेलखंड पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना दाऊदपुर और कोपा रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है, जहां रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही दाऊदपुर थाने की पुलिस तथा छपरा जंक्शन स्थित जीआरपी की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों तथा अन्य माध्यमों से प्रयास कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
भाजपा नेता ने 285 गज जमीन हड़पी, फिर पहचान बदलकर कटक में छिपा; दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा, तिहाड़ भेजा
घटना ने कई सवाल खड़े किए
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं कोई परिवार अपने बेटे, पति या भाई के घर लौटने का इंतजार कर रहा होगा, लेकिन उन्हें यह भी नहीं मालूम कि उनका अपना किस हाल में है। किसी मां की आंखें दरवाजे पर टिकी होंगी, किसी पिता की उम्मीदें अब भी बरकरार होंगी, तो किसी पत्नी को अपने जीवनसाथी के लौटने का इंतजार होगा। लेकिन नियति ने शायद उनके अपने को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया है। फिलहाल, पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और मृतक के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।