सार
गोपालगंज के भरपुरवा गांव स्थित खनुआ नदी में नहाने गए चार किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। गांव में मातम पसरा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गोपालगंज जिले से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। विजयीपुर थाना क्षेत्र के भरपुरवा गांव स्थित केरवनिया घाट पर खनुआ नदी में स्नान करने गए चार किशोर अचानक गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, भरपुरवा गांव निवासी 11 वर्षीय आयुष मिश्रा, 13 वर्षीय ओम पांडेय, 15 वर्षीय चुलबुल पांडेय और 16 वर्षीय विशाल ठाकुर शनिवार को गांव के पास स्थित केरवनिया घाट पर नहाने गए थे। नहाने के दौरान चारों किशोर नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और अचानक तेज बहाव वाले हिस्से में चले गए। कुछ ही देर में चारों पानी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने जब बच्चों को बचाने के लिए चीखते देखा तो अफरा-तफरी मच गई।
पुजारी और ग्रामीणों ने बचाई जान
घटना के समय घाट स्थित मंदिर के पुजारी ने सबसे पहले बच्चों को डूबते देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और खुद भी बचाव में जुट गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद चारों किशोरों को नदी से बाहर निकाला और तुरंत विजयीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में दो को मृत घोषित
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 11 वर्षीय आयुष मिश्रा और 13 वर्षीय ओम पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चुलबुल पांडेय और विशाल ठाकुर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के देवरिया रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: सम्राट चौधरी सरकार ने IAS अफसरों का किया तबादला, पटना प्रमंडल की जिम्मेदारी किन्हें मिली?
गांव में पसरा मातम
एक साथ दो बच्चों की मौत से भरपुरवा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं। हर तरफ मातम और चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों मृत किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।