गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पोखारभिंडा गांव की 22 वर्षीय शबाना खातून की हत्या उसकी ही मां और भाइयों ने कर दी।
पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए शबाना की मां जैतून निशा और एक किशोर भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 31 जनवरी की सुबह कुचायकोट पुलिस को विशनपुरा नहर के पास एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि युवती की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस को घटना स्थल से तीन फायर कारतूस भी बरामद हुए। जांच में मृतका की पहचान पोखारभिंडा गांव निवासी हारून रशीद की बेटी शबाना खातून के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शबाना ने गालिमपुर गांव निवासी पवन कुमार से कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन उसका परिवार इस अंतरजातीय विवाह को स्वीकार नहीं कर रहा था और उसे पति के घर जाने से रोक रहा था। हत्या से कुछ दिन पहले शबाना ने अपने पति को परिवार के बढ़ते दबाव की जानकारी दी थी।
पुलिस जांच में पुष्टि हुई कि शबाना की हत्या उसकी मां जैतून निशा और दो भाइयों ने की। पुलिस ने मां और एक किशोर भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे भाई और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। घटना के बाद शबाना के परिवार वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद अंततः शव का पोस्टमॉर्टम हुआ।
चौंकाने वाली बात यह थी कि परिवार ने तीन दिनों तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बाद पुलिस चौकीदार बाबू जान के बयान पर मामला दर्ज किया गया और जांच आगे बढ़ी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया जाएगा।