सारण जिले में पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए अवैध हथियार का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग करना युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला नया गांव थानाक्षेत्र के महमुदचक गांव का है। जहां जयदीप साहनी के बेटे सोनू कुमार ने पत्नी के साथ अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर अपना वीडियो बनवाया था।
वीडियो वायरल और कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, सोनू कुमार का वीडियो उसके किसी दोस्त ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जहां यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में सोनू और उसकी पत्नी को हथियार से गोली चलाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सारण पुलिस ने जांच शुरू की।
सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि नया गांव थानाध्यक्ष को वीडियो मिला, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। महमुदचक गांव में छापामारी कर आरोपी सोनू कुमार को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
क्या हुआ खुलासा?
पूछताछ के दौरान सोनू कुमार ने स्वीकार किया कि वीडियो पत्नी के जन्मदिन के जश्न के दौरान बनाया गया था। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हर्ष फायरिंग की, जिसका वीडियो बनाया गया और बाद में वायरल हो गया।
पुलिस ने की कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया गांव थाना कांड संख्या- 242/2024 दर्ज किया गया। धारा 25(9)/30 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। जांच के दौरान पाया गया कि हथियार अवैध था। पुलिस ने इस घटना के बाद सख्त संदेश दिया है कि अवैध हथियार का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो से सतर्क रहने की सलाह दी है।