गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के डुमरिया महुआ टोला गांव में सरकारी रास्ते की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का विरोध करना एक जनप्रतिनिधि के परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने गौसिया पंचायत की बीडीसी सदस्य सुनीता देवी, उनके पति ज्योतिष शर्मा और ससुर सत्यदेव शर्मा पर लाठी, डंडे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
सरकारी रास्ते पर कब्जे का किया विरोध
पीड़ित पक्ष के अनुसार, डुमरिया महुआ टोला गांव में स्थित सरकारी जमीन पर वर्षों से आम रास्ता बना हुआ है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग सार्वजनिक रास्ते को बंद कर वहां अवैध निर्माण कराने की कोशिश कर रहे थे। जब बीडीसी सदस्य सुनीता देवी, उनके पति और ससुर ने ग्रामीणों के साथ इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
लाठी, डंडे और चाकू से किया हमला
आरोप है कि विरोध से नाराज दबंगों ने अचानक लाठी, डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में बीडीसी सदस्य सुनीता देवी, उनके पति ज्योतिष शर्मा और ससुर सत्यदेव शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीनों घायल सदर अस्पताल रेफर
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को पहले मांझा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें:
EO विमल कुमार हत्याकांड पर फूटा अधिकारियों का गुस्सा, सचिवालय मार्च रोका तो सड़क पर धरना
पुलिस जांच में जुटी, गांव में तनाव
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के निर्देश पर मांझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।