सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोरलाही कैथल गांव का एक परिवार पिछले दो दिनों से गहरे सदमे और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। 25 वर्षीय उत्तम कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पूरे गांव में चिंता का माहौल है। परिजन हर पल उसके सकुशल लौट आने की आस लगाए बैठे हैं, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। युवक के मोबाइल की अंतिम लोकेशन रेवा पुल के आसपास मिलने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्तम कुमार गांव के ढोरलाही नारा के समीप 'मां सुधा' नामक दुकान का संचालन करता था। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह दुकान पहुंचा, सफाई की और कुछ देर बाद अचानक दुकान बंद कर दी। पास की दुकान पर मौजूद एक दुकानदार से उसने इतना कहा, "अब रेवा नदी चला..." और वहां से ऑटो पकड़कर निकल गया। उसके इस व्यवहार से दुकानदार को कुछ असामान्य लगा, जिसके बाद उसने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
युवक की तलाश में जुटे ग्रामीण
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण रेवा पुल और आसपास के इलाके में युवक की तलाश में जुट गए। हालांकि काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच युवक का मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई। युवक के बड़े भाई एवं भाजपा के युवा नेता राकेश सिंह ने बताया कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही घर में किसी प्रकार की अनबन हुई थी। उन्होंने कहा कि हर संभावित स्थान पर खोजबीन की जा चुकी है, लेकिन अब तक उत्तम का कोई पता नहीं चल सका है।
लगातार सर्च अभियान जारी है
मामले की सूचना मकेर थाना में गुमशुदगी के रूप में दर्ज करा दी गई है। स्थानीय पुलिस ने तकनीकी सहायता से युवक के मोबाइल की अंतिम लोकेशन रेवा पुल के आसपास ट्रेस की है। इसके आधार पर पुलिस और स्थानीय लोग आसपास के क्षेत्र में लगातार खोज अभियान चला रहे हैं। हालांकि, अभी तक ऐसी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि युवक नदी में गया था या उसके साथ कोई अन्य घटना घटी है। पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें-
'मां, मैं घबरा रहा हूं' और टूट गया संपर्क! ननिहाल जाने निकला बेटा नहीं लौटा; ट्रेन से गिरकर हुई मौत
उत्तम कुमार स्वर्गीय अरुण सिंह के पुत्र और ढोरलाही कैथल गांव के निवासी हैं। समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था। गांव के लोग उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं, जबकि परिजनों की निगाहें अपने लापता बेटे के लौटने की राह पर टिकी हुई हैं।