सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। फिलहाल मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मृतका की पहचान धनौती गांव निवासी अमित कुमार की पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है।
पांच मई को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मनीषा कुमारी तरैया थाना क्षेत्र के हरखपुरा गांव निवासी स्वर्गीय रामनरेश शर्मा की पुत्री थीं। उनका विवाह 5 मई 2026 को धनौती गांव निवासी अमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
सुबह मिली मौत की सूचना
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने नवविवाहिता की मौत की सूचना पानापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग फिर तेज! 'शीलभद्र याजी नगर' करने की अपील; परिजनों ने दिया धरना
प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
पानापुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
दो लोगों से पूछताछ
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका की गोतनी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।