गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पांडेय पट्टी गांव में मंगलवार की रात एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।
2022 में हुई थी शादी, ढाई साल का है बेटा
मिली जानकारी के अनुसार, पांडेय पट्टी गांव निवासी योगेंद्र शर्मा के पुत्र अमरजीत शर्मा की शादी वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी अशोक शर्मा की पुत्री सुनीता देवी से हुई थी। दंपति का एक ढाई वर्षीय बेटा आदित्य शर्मा है।
ये भी पढ़ें: सीएम नीतीश ने अपने सांसद पर की कार्रवाई, गिरधारी यादव को जदयू ने नोटिस भेजा; जानिए पूरा मामला
खाने के बाद कमरे में सोने गई थी महिला
बताया जाता है कि मंगलवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खा चुके थे। इसी दौरान सुनीता देवी अपने ससुर योगेंद्र शर्मा के लिए खाना लेकर गई। ससुर ने खिचड़ी खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद सुनीता ने खिचड़ी बनाकर उन्हें दी और अपने बच्चे को लेकर कमरे में सोने चली गई। रात करीब 11 बजे ढाई साल का बेटा आदित्य शर्मा जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे के बाहर पहुंचे और सुनीता देवी को आवाज देने लगे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा खुलते ही सभी हैरान रह गए—सुनीता देवी फांसी के फंदे से लटकी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी, सास-ससुर से पूछताछ
घटना की जानकारी महिला के मायके वालों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के ससुर योगेंद्र शर्मा और सास राजमती देवी को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि अभी तक मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस सास-ससुर से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से की जा रही है।