बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक शातिर आरोपी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को न्यायालय में पेशी के बाद चनावे मंडल कारा ले जाए जाने के दौरान आरोपी पुलिस वाहन से कूदकर फरार हो गया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, कई थानों की पुलिस और विशेष टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
चलती गाड़ी से छलांग लगाकर हुआ फरार
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नगर थाना पुलिस एक आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद सरकारी वाहन से चनावे मंडल कारा लेकर जा रही थी। पुलिस वाहन जैसे ही गोपालगंज-मीरगंज एनएच-531 पर स्थित वृंदावन सदासी राय टोला गांव के समीप पहुंचा, तभी आरोपी ने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। जब तक पुलिसकर्मी उसे पकड़ने का प्रयास करते, वह मौके से फरार हो चुका था।
दिल्ली से अपहरण के मामले में हुआ था गिरफ्तार
फरार आरोपी की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी राहुल कुमार सिंह (पिता- जितेंद्र सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राहुल पर एक युवती के अपहरण का मामला दर्ज है। गोपालगंज पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उसे कुछ दिन पहले दिल्ली से युवती के साथ बरामद किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया गया था।
चंवर और गांवों में चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना वायरलेस पर प्रसारित होते ही जिला पुलिस महकमे में खलबली मच गई। नगर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय चंवर और आसपास के ग्रामीण इलाकों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जबकि प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच भी की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें:
पटना में कल से और बड़ा अभियान; नए डीएम ने कब्जे पर जीरो टॉलरेंस के लिए नौ टीमें बनाईं
सुरक्षा में चूक की भी होगी जांच
आईओ यशवंत सिंह ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चौतरफा अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक फरार आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।