बीपीएससी पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड में बीपीएससी परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदेश भर से छात्रों ने एकजुट होकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश नागरिक सुरक्षा मंच के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व जिला पार्षद रवि रंजन कुमार उर्फ विजय बहादुर यादव ने किया।
राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन में सैकड़ों छात्र शामिल हुए और वे राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों की मुख्य मांग थी कि बीपीएससी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की घटना के बाद पूरी परीक्षा को रद्द कर फिर से नए सिरे से परीक्षा आयोजित की जाए। पूर्व जिला पार्षद विजय बहादुर यादव ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नीतीश सरकार के शासन में बिहार की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से गिर गई है। बार-बार परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होना राज्य सरकार की नाकामी का प्रमाण है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
‘अगला कदम बड़ा आंदोलन’
युवा नेता दिलीप कुमार यादव और अहिंसा सेना के संस्थापक रामकुमार मांझी ने भी अपनी आवाज उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द ही छात्रों की मांगों पर विचार नहीं करती है तो इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद, नेताओं ने बैकुंठपुर के अंचलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा रद्द करने और छात्रों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की गई।
यह लोग प्रदर्शन में हुए शामिल
इस प्रदर्शन में राजन कुमार यादव, अंकित कुमार श्रीवास्तव, सनोज कुमार यादव, संदीप कुमार गुप्ता, विनय यादव, संदेश कुमार यादव, सरफराज आलम, विपुल कुमार, मेघनाथ मांझी, एजाज अली, पूर्व सरपंच झमेंदर राय सहित अन्य लोग भी शामिल हुए और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।