बिहार के गोपालगंज जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में शादी की पहली सालगिरह की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां आज चीख-पुकार और मातम पसरा है। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव में एक 22 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गुड़िया देवी के रूप में हुई है। सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि जिस दिन गुड़िया की मौत हुई, उसी दिन उसकी शादी की पहली वर्षगांठ भी थी।
दहेज की बलि चढ़ी मासूम की जिंदगी
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई सोनू सिंह के अनुसार, गुड़िया की शादी एक साल पहले धूमधाम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद से ही पति मनीष कुंवर और उनके परिवार द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की लगातार मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर गुड़िया को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
3 महीने की गर्भवती थी मृतका
परिजनों ने बताया कि गुड़िया तीन महीने की गर्भवती थी। एक तरफ जहां वह आने वाले नन्हें मेहमान और अपनी पहली सालगिरह को लेकर उत्साहित थी, वहीं दूसरी तरफ दहेज के लोभियों ने उसकी जीवनलीला ही समाप्त कर दी। मायके वालों का आरोप है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। हाथों की मेहंदी का रंग अभी ठीक से छूटा भी नहीं था कि दहेज की वेदी पर एक और बेटी की बलि चढ़ा दी गई।
वारदात के बाद ससुराल वाले फरार
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर जब सिधवलिया थाना पुलिस बखरौर गांव पहुंची, तो घर के सभी सदस्य फरार पाए गए। आरोपी पति और उसके परिजन घर छोड़कर भाग निकले हैं, जो उनकी संलिप्तता पर गहरे सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें:
दो बच्चों समेत तीन जिंदा जले; किराना दुकान में आग, पूर्वी चंपारण के गांव में मातम
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। गोपालगंज पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।मायके पक्ष द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।फिलहाल, इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीण और मृतका के परिजन प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।