वृद्ध की हत्या के बाद जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार सुबह एक 70 वर्षीय वृद्ध की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। वृद्ध का खून से लथपथ शव उनके घर के बाहर पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को घर के बाहर फेंक दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर पड़ा मिला शव
मृतक की पहचान माधोपुर बड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय शिवजी सहनी के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह उनका शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी तरैया थाना पुलिस को दी गई।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, शिवजी सहनी की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से की है। उनके सीने और हाथ पर कटने के निशान मिले हैं, जबकि गले पर काले रंग के निशान भी दिखाई दिए हैं। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद शव को घर से बाहर फेंक दिया गया।
बिस्तर और लाठी पर भी मिला खून
परिजनों ने बताया कि जब सुबह काफी देर तक शिवजी सहनी अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनकी तलाश शुरू की गई। कमरे में उनके बिस्तर पर खून के धब्बे मिले। वहीं उनकी लाठी पर भी खून लगा हुआ था। इसके बाद आसपास के लोगों के साथ खोजबीन की गई, तो घर के बाहर उनका शव बरामद हुआ।
घर में बहू और दो पोतों के साथ रहते थे
जानकारी के अनुसार, मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा और उसकी पत्नी रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि छोटा बेटा मोहन सहनी परिवार की आजीविका के लिए बाहर रहता है। घर पर मृतक की छोटी बहू चिंता देवी अपने दो छोटे बच्चों और शिवजी सहनी के साथ रहती थीं।
रात में खाना खाकर सोए थे सभी लोग
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात सभी लोगों ने एक साथ खाना खाया और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। गुरुवार सुबह जब शिवजी सहनी काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तब परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।