छपरा में दुस्साहस का परिचय देते हुए हथियार बंद अज्ञात अपराधियों के द्वारा दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव स्थित स्थानीय थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि, मौके पर स्थानीय एकमा से राजद विधायक श्रीकांत यादव पहुंच कर मामले को सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष को अवगत कराया है।
वहीं, स्थानीय एकमा थाने के थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि एकमा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी सह किसान ललन यादव अपने खेत का पटवन कर रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या करने के बाद उक्त सवारी से फरार हो गए हैं।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि सारण जिलांतर्गत एकमा थाना क्षेत्र के मुख्यालय स्थित राजापुर गांव के किसान ललन यादव को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर मौत कर दी है। हथियार को लहराते हुए आसानी से फरार भी हो गए हैं। जबकि प्रखंड मुख्यालय से लगभग पांच मीटर की दूरी पर की घटना होने के बावजूद समय से कोई अधिकारी या पुलिस नहीं पहुंच सकी है। वहीं, कुछ दूरी पर खेत में काम करने वाले दूसरे लोगों ने जब गोलियों की आवाज सुनी तो दौड़कर आए तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हत्या की खबर फैलते ही आस पास में अफरा तफरी का माहौल बन गया तथा ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। जबकि परिवार को सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया और रुदन क्रंदन से क्षेत्र गमगीन और भयभीत हो गया है। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना प्रभारी उदय कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। वहीं, घटना की जांच पड़ताल में जुट गए है। वहीं, एकमा से राजद विधायक श्रीकांत यादव ने सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष से घटना की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है।