फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: एकमा में खूनी खेल! विवाद के बाद चाकूबाजी में तीन की मौत, चौथा गंभीर; गांव से अस्पताल तक मचा हड़कंप

Sun, 04 Oct 2026 09:35 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण

सार

सारण के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में शनिवार देर रात विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में अंकुर पटेल उर्फ धोनी, मुकेश कुमार और रमेश यादव शामिल हैं।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सारण के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में शनिवार देर रात विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां एक घायल ने एकमा के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो अन्य की छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चौथे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद परसागढ़ और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा थाना क्षेत्र के जिरतपुर पचुआ निवासी ध्रुप यादव के पुत्र मुकेश कुमार और विजय यादव के पुत्र रमेश यादव के रूप में हुई है। घायल की पहचान विनोद कुमार के पुत्र विवेक कुमार के रूप में की गई है।

मामा के घर आया था अंकुर, विवाद के बाद शुरू हुई चाकूबाजी

बताया जाता है कि काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर चाकूबाजी शुरू हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को एकमा स्थित डॉ. एस. कुमार के निजी अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान अस्पताल परिसर में भी दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आई है। हालांकि, अस्पताल में हुई कथित दूसरी घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

एकमा में एक की मौत, छपरा में दो ने तोड़ा दम

चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल अंकुर पटेल उर्फ धोनी की एकमा के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया था। दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे घायल विवेक कुमार की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।

पुलिस घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस गांव में हुए विवाद से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और वहां हुई कथित दूसरी घटना तक पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे और अस्पताल परिसर में आखिर क्या हुआ।

प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश की आशंका

सदर एसडीपीओ-2 ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। तीन लोगों की मौत के बाद परसागढ़ और आसपास के इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। अब जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मामला इतनी बड़ी हिंसक घटना में कैसे बदल गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें