गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पट्टी पचमवा गांव के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बैकुंठपुर गांव निवासी योगेंद्र मिश्रा के 40 वर्षीय पुत्र राजू मिश्रा के रूप में की गई है।
बेहद दर्दनाक था हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू मिश्रा किसी जरूरी कार्य से कटेया बाजार गए थे। कार्य पूरा कर घर लौटने के दौरान पट्टी पचमवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान एवं चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें:
एकमुश्त 128 राजस्व कर्मचारियों को किस जिले के DM ने किया सस्पेंड? कार्यवाही का निर्देश
परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक
बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका देवी, 10 वर्षीय पुत्री आशी कुमारी एवं 6 वर्षीय पुत्र मनश कुमार हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तथा पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।