सीवान जिले में बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में शराब तस्करों को पकड़ने लगी पुलिस। तभी एक तरफ जहां तस्करों की गाड़ी बिजली के खंभे से टकराई तो उसके पीछे-पीछे पुलिस जीप भी आकर टकरा गई। मामला महाराजगंज अनुमंडल के गोरिया कोठी थाना क्षेत्र का है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि जिले के महाराजगंज अनुमंडल के गोरिया कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक लग्जरी कार से शराब की बड़ी खेप तस्कर लेकर जाने वाले हैं। फिर क्या था पुलिस ने बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में जाल बिछाया और नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर के बाद एक सफेद कलर की स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में आई, जब पुलिस ने रुकने को कहा तो वह पुलिस की बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागने लगी। फिर यहीं से शुरू हुआ फिल्मी स्टाइल में आगे-आगे तस्करों की स्कॉर्पियो गाड़ी और पीछे-पीछे पुलिस की जीप। करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तस्करों की स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित हो गई और कई दुकानों को तोड़ते हुए जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो के टायर फट गए और दोनों तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं, पीछे-पीछे आ रही पुलिस की जीप भी नहीं रुक सकी और वह भी स्कॉर्पियो में तेज रफ्तार में जाकर टकरा गई। पुलिस जीप के हेडलाइट और आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसमें बैठे पुलिस कर्मियों को चोटे लगी है। फिलहाल, पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है और भारी मात्रा में शराब जब्त कर लिया है।
आपको बता दें कि इस घटना के बाद वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक पुलिस ने किसी तरह से कार को घेर लिया और स्थानीय थाना को सूचित कर गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने लाई और दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है कि आखिर शराब की यह खेप कहां से कहां जा रही थी और यह शराब किसकी है।
क्या कहती है पुलिस
गोरियाकोठी थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कार से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। तभी हम लोगों ने जांच अभियान शुरू किया और स्कॉर्पियो को रोकने के लिए कहा गया तो वह भागने लगा, जिसका पीछा करने पर वह एक बिजली के खंभे से टकरा गया है। फिलहाल, चालक और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया है और शराब भारी मात्रा में गाड़ी से बरामद की गई है।