एक साथ भाई और बहन सहित तीन बच्चों की सड़क किनारे गहरे पानी में डूबने से हो गई हैं। घटना परसा प्रखंड और भेल्दी थाना क्षेत्र के लगनपुरा गांव स्थित गांव की है। मृतकों में लगनपुरा गांव निवासी मंसूर अली का पुत्र नूर आलम (13) और पुत्री शगुफ्ता खातून (15) तथा नसीम अंसारी की पुत्री शायरा बनो (13) शामिल हैं।
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि तीनों बच्चे नदी में बने चचरी पुल से यादवपुर स्थित दुकान पर समान खरीदने के लिए एक साथ जा रहे थे। तभी एक बच्ची का पैर फिसल गया जिस वजह वह गहरे पानी में गिर गई। उसको बचाने के दौरान एक एक कर दोनों बच्चे भी डूब गए। स्थानीय लोगो के सहयोग से तीनों शव को नदी से बाहर निकाल कर उपचार के लिए नजदीकी समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमनौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनो बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मिलने पर भेल्दी थाने की पुलिस पहुंच कर शव को छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही माता अख़्तरी बेगम और गुलशन बेगम, बहन सकीना खातून, सबीना खातून, दादी सलिमत बीबी की चीख पुकार से माहौल गूंज उठा। एक साथ तीन बच्चों की मौत ने परिजनों सहित गांव में कोहराम मच गया है। मंसूर आलम को दो पुत्र एक पुत्री थी। हादसे में एक पुत्र और एक पुत्री की मौत हो गई है। मृतक नूर आलम भाई में छोटा था, जबकि शगुफ्ता खातून भाई बहन में बड़ी थी, जो मैट्रिक की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। अब एक भाई फिरोज वारिस के रूप में है। नसीम अंसारी को तीन पुत्री तथा एक पुत्र है, जिसमें शायरा बानो की डूबने से मौत हो गई है, जो तीन बहन तथा एक भाई में सबसे छोटी थी। बड़ी बहन सकीना खातून, सबीना खातून तथा भाई सोहैल अंसारी है।
नव सृजित प्राथमिक विद्यालय उर्दू लगनपुरा के समीप नदी पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। उसके बगल से संवेदक द्वारा आवागमन के लिए बांस के चचरी पुल का निर्माण कराया गया है। चचरी पुल लगभग दो फुट पानी में डूब गया है। उसके ऊपर से पानी का बहाव काफी तेजी के साथ हो रहा है। उसी चचरी पुल से तीनों बच्चे घर का सामान खरीदने एक साथ नदी के उस पार यादवपुर जा रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक द्वारा पुल को ऊंचा कर बनाया जाता तो शायद यह हादसा नही होता। ग्रामीणों और परिजनों ने संवेदक पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में परसा प्रखंड के अंचल अधिकारी अनुज कुमार घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली। वहीं सरकार के आपदा विभाग से मिलने वाली राशि के लिए अग्रतर कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनो बच्चों के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आपदा से मिलने वाली राशि आश्रितों को मुहैया कराए जाने की बात कही है।