गोपालगंज सहित पूरा बिहार भीषण ठंड की चपेट में है। गोपालगंज में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड को लेकर गोपालगंज डीएम प्रशांत कुमार सीएच ने स्कूलों के पठन-पाठन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किये हैं। डीएम ने कक्षा आठवीं तक के स्कूलों को नौ जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। डीएम द्वारा यह निर्णय बच्चों की स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
डीएम ने जारी आदेश में कहा है कि वर्ग आठ से ऊपर के कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10 बजे से 03:30 बजे के बीच संचालित की जा सकती हैं। हालांकि, जारी आदेश में कहा है कि बोर्ड परीक्षा से संबंधित शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन इससे मुक्त रहेगा और यह आदेश नौ जनवरी तक जिले में प्रभावी रहेगा।
डीएम के एक से वर्ग आठ तक व आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन बंद कर दिये जाने के निर्णय से छोटे-छोटे बच्चों में खुशी का लहर दौड़ गई है। इस कड़ाके की ठंड के बीच बच्चे विद्यालय जाना नहीं चाहते थे। लेकिन इस निर्णय के बाद बच्चों को राहत मिली है।
वहीं, इस मामले में सर्व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एसएसए राजन कुमार ने बताया है कि शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचेंगे और ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करेंगे। डीएम ने आदेश जारी कर वर्ग एक से आठ तक विद्यालयों में शैक्षणिक संचालन पर रोक लगा दी है। लेकिन गुरुजी समय से विद्यालय जायेंगे व प्रत्येक दिन की तरह ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करेंगे। साथ ही अपार आईडी कार्ड सहित अन्य गतिविधियों में प्रधानाध्यापक का सहयोग करेंगे।