Bihar : युवक बहुत खुश था। वह कल के लिए राखी लेने जा रहा था, तभी अचानक गोलियां चलने लगीं। जब तक में वह कुछ समझ पाता, कई गोलियां उसके शरीर में धंस चुकी थी। आननफानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन..।
सीवान में बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जीरादेई निवासी स्व. चंद्रिका सिंह के पुत्र वीपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के रेपुरा गैस एजेंसी के समीप की है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वीपेंद्र की बहन ने राखी भेजी थी, जिसे लेने वह एक अन्य युवक के साथ रेपुरा गांव जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। गोलीबारी में वीपेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ जा रहा युवक वहां से किसी तरह भाग निकला। उसने ही परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और वीपेंद्र को सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि दोनों अपराधी नकाबपोश थे। एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने गमछे से अपना चेहरा ढंके हुए था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर टू गौरी कुमारी और जीरादेई थानाध्यक्ष सोनी कुमारी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना के संबंध में
एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम का गठन किया। एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।