सीवान जिला निबंधन कार्यालय परिसर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब रजिस्ट्री कराने आए एक युवक के साथ चार लोगों ने मारपीट की और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में घायल राकेश ने बताया कि वह अपने दादा रामजीत सिंह के साथ उनके द्वारा दान में दी जा रही जमीन की रजिस्ट्री कराने आया था। जब दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी हो रही थी, तभी चार लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। राकेश के अनुसार, उसके सिर पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घायल अवस्था में राकेश को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। राकेश ने बताया कि उसके दादा रामजीत सिंह उसी के साथ रहते हैं और उनकी देखरेख वही करता है। शनिवार को रजिस्ट्री कराने आए थे, तभी यह हमला हुआ।
पढ़ें: बिहार के शहीद रम्भू सिंह को श्रद्धांजलि, पत्नी ने कहा- एक शहीद के गांव में विकास कोसों दूर
सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में घटना, फिर भी रहे मूकदर्शक
जिला निबंधन कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों लोग जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री के लिए आते हैं। कई लोग बड़ी राशि भी साथ लाते हैं। ऐसे में सुरक्षा की व्यवस्था भी रहती है, लेकिन घटना के समय वहां तैनात सुरक्षा कर्मी मूकदर्शक बने रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी ही रही तो किसी दिन कोई बड़ी वारदात हो सकती है।
डायल 112 ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद कार्यालय के कर्मियों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल राकेश और उसके दादा को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जब इस संबंध में जिला निबंधन कार्यालय के वरीय पदाधिकारी से बात की गई तो शुरुआत में उन्होंने ऐसी किसी घटना से इनकार किया। बाद में उन्होंने कहा कि हल्की मारपीट की घटना कार्यालय गेट पर हुई है, परिसर के अंदर नहीं। उन्होंने चाकूबाजी की बात को भी गलत बताया। अवर निबंधक पंकज कुमार झा ने कहा कि घटना आपसी विवाद का मामला है और कार्यालय गेट पर मारपीट हुई थी। उन्होंने परिसर में किसी प्रकार की चाकूबाजी से इनकार किया है।