इंडिया गठबंधन की ओर से 29 अगस्त को वोटर अधिकार यात्रा के तहत सीवान में नेता विपक्ष राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी, सीपीआई महासचिव डी. राजा और सीपीएम नेता एम.ए. बेबी के आगमन की तैयारियों को लेकर अशोका होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में झारखंड सरकार समन्वय समिति के सदस्य व झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से वोट चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सीवान में 35 वर्षीया महिला की उम्र मतदाता सूची में 124 वर्ष दर्ज कर दी गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 29 अगस्त को भारी संख्या में पहुंचकर नेताओं का ऐतिहासिक स्वागत करें।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व सीवान सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों के खिलाफ जनता अब जागरूक हो रही है। वहीं, जीरादेई विधायक अमरजीत कुशवाहा ने मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) में अनियमितताओं को सुनियोजित साजिश बताया।
पढ़ें; वोट अधिकार यात्रा: 'चोर की तरह वोट चोरी कर BJP खामोश', मधुबनी में बोले राहुल गांधी; शाह के बयान को बताया अजीब
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, राजद जिलाध्यक्ष विपिन कुशवाहा, माले जिला सचिव हंसनाथ राम, वीआईपी जिलाध्यक्ष श्रीनिवास यादव, सीपीएम जिला सचिव फूल महम्मद अंसारी और सीपीआई नेता इरफान अहमद ने संयुक्त रूप से कहा कि 29 अगस्त को सीवान की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में होने वाली रैली में सीवान से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सम्मेलन में पूर्व विधायक अमरनाथ यादव, शिवधारी दुबे, कैलाश चौहान, प्रदुमन राय, वासुदेव राय, सोहिला गुप्ता, विद्या सागर साहनी, मार्कण्डेय दीक्षित, रमेश यादव, डॉ. विधु शेखर पांडेय, अर्जुन यादव, अशोक सिंह, डॉ. के. एहतेशाम अहमद, पंकज शर्मा, चन्द्रमा यादव, राकेश कुमार, अतुल राम, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार, संस्कार यादव, रंजन यादव, मेराज अहमद, विकास यादव, इंदल यादव, ध्रुवलाल कुशवाहा, जफर अहमद, कमलेश सिंह बच्चू, विनंदेश्वरी साह, मदन साह, विकास तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।