सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के महमदा टोला में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में गोलीबारी हो गई। इस घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान वीरेंद्र सिंह और उनके पुत्र विवेक कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों को पहले भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर सीवान सदर अस्पताल और बाद में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पक्ष के घर से दो महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पढे़ं: 'बिहार की सड़कें इतनी बेहतर'...मंत्री जी बटोर रहे थे तारीफ, तभी लोग भड़क गए; पूछ डाला ये सवाल
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह और उनके पड़ोसी अमरजीत सिंह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को कागजी दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया था। रविवार को वीरेंद्र सिंह द्वारा नाद (जल निकासी) बनाने को लेकर विवाद फिर भड़क गया। इसी दौरान एक पक्ष ने गोली चला दी, जिसमें वीरेंद्र सिंह और उनके बेटे विवेक घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों में पहले भी कई बार तनातनी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की गहन जांच की जा रही है।