फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Crime: एमएलसी प्रत्याशी रईस खान के चाचा को बदमाशों ने मारी गोली, बीएसएफ से हाल ही में हुए थे रिटायर

Tue, 25 Feb 2025 03:28 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान

सार

Siwan Crime: पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायल का फर्द बयान लिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती घायल रिटायर्ड बीएसएफ जवान साहेब हुसैन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीवान में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला, जब चर्चित एमएलसी प्रत्याशी रईस खान के चाचा साहेब हुसैन को अपराधियों ने गोली मार दी। यह घटना बीती देर रात सीवान शहर के इस्लामिया नगर इलाके में हुई, जब साहेब हुसैन अपने दरवाजे पर बैठे थे।

विज्ञापन

 
कैसे हुआ हमला?
घटना के चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, दो अज्ञात अपराधी उनके घर के पास पहुंचे। अपराधियों ने पहले उन्हें सलाम किया और जैसे ही साहेब हुसैन ने जवाब दिया, अचानक उनमें से एक ने बंदूक निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्होंने पकड़ो-पकड़ो चिल्लाया, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
 
अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोली लगते ही आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। हालांकि परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना उचित समझा, जहां उनका इलाज जारी है।
विज्ञापन

 
बीएसएफ से पिछले वर्ष हुए थे रिटायर्ड
घायल साहेब हुसैन बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के सेवानिवृत्त जवान हैं। वह पिछले साल ही रिटायर हुए थे और फिलहाल अपने परिवार के साथ सीवान में रह रहे थे। इस हमले के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
 
परिजनों ने क्या कहा?
घायल के मामा ने बताया कि साहेब हुसैन ने खुद उन्हें फोन कर हमले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैसे ही मुझे सूचना मिली, मैं घटनास्थल की ओर बढ़ रहा था, तभी पता चला कि उन्हें सदर अस्पताल लाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर हमने देखा कि उन्हें पेट में गोली लगी है। परिजनों का कहना है कि वे यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उन पर हमला क्यों किया गया। साहेब हुसैन का किसी से कोई विवाद भी नहीं था।
 
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायल का फर्द बयान लिया गया है। घायल के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
 
घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है
साहेब हुसैन की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले को व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक दुश्मनी और आपराधिक गिरोहों की भूमिका जैसे विभिन्न एंगल से जांच रही है। जल्द ही इस हमले के पीछे की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें